राज्यउत्तर प्रदेश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, बोले- यह विकास की मजबूत नींव है

सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ किया, इसे विकास की मजबूत नींव बताते हुए डिजिटल और पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर दिया।

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनगणना-2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने “हमारी जनगणना, हमारा विकास” के संकल्प के साथ मकान सूचीकरण और मकानों की गणना कार्य की शुरुआत की।

इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गिनती नहीं है, बल्कि यह समग्र और समावेशी विकास की मजबूत नींव है।

डिजिटल तकनीक से होगी पारदर्शी जनगणना

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की जा रही है। इसके तहत प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है।

जनगणना के पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जबकि दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना होगी। आम नागरिकों को 7 से 21 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया गया है, जिसमें वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

पहली बार जातीय गणना भी शामिल

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस बार जनगणना में पहली बार जातीय गणना को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही वन ग्रामों को भी इस प्रक्रिया में जोड़ा गया है, जिससे अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

ALSO READ:- सीएम योगी आदित्यनाथ बोले – अब नौकरी के लिए सिफारिश नहीं,…

डेटा आधारित विकास पर जोर

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का युग डेटा आधारित निर्णयों का है। जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सामाजिक कल्याण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि सही जनगणना यह सुनिश्चित करेगी कि समाज का हर वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।

व्यापक स्तर पर होगा कार्य

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि जनगणना कार्य प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जिलों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 745 नगरीय निकायों, 57,694 ग्राम पंचायतों और लगभग 1.04 लाख राजस्व ग्रामों में किया जाएगा।

इस कार्य के लिए लगभग 5.25 लाख कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें प्रगणक, सुपरवाइजर और राज्य स्तरीय अधिकारी शामिल हैं।

पारदर्शिता के लिए डिजिटल पोर्टल

सरकार ने जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष डिजिटल पोर्टल तैयार किया है, जिससे ग्राम और वार्ड स्तर तक निगरानी संभव होगी।

जनता से सहयोग की अपील

सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए इसमें पूरी तरह सहयोग करें और सही व सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 प्रदेश और देश के भविष्य के विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगी।

For English News: http://newz24india.in

Related Articles

Back to top button