सीएम योगी आजमगढ़ से करेंगे 37 करोड़ पौधों के महाभियान की शुरुआत

उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आजमगढ़ से 37 करोड़ पौधरोपण महाभियान की शुरुआत की।
उत्तर प्रदेश सीएम योगी सरकार पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुधवार को आजमगढ़ और अयोध्या से ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ का शुभारंभ करेंगे, जिसमें एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। यह ऐतिहासिक अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ थीम पर आधारित है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया है।
एक दिन में 37 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य
सरकार ने इस महाअभियान के तहत 52.43 करोड़ पौधे तैयार किए हैं, जो राज्यभर के नर्सरी और अन्य स्थानों पर रोपण के लिए रखे गए हैं। इस अभियान में 26 विभाग, 18 मंडल, और लगभग 25 करोड़ नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
सीएम योगी आज आजमगढ़ और अयोध्या में पौधे लगाएंगे, साथ ही कार्बन क्रेडिट कार्यक्रम के तहत सात किसानों को चेक भी प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री यहां जनसंवाद भी करेंगे।
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
-
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बाराबंकी में
-
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ में
-
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे
साथ ही, सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व राज्य मंत्री अपने-अपने जनपदों में जाकर वृक्षारोपण करेंगे।
विशेष वन स्थलों की स्थापना
इस महाभियान में विभिन्न प्रकार के वनों की स्थापना की जाएगी, जिनमें शामिल हैं:
-
अटल वन
-
एकता वन
-
एकलव्य वन
-
ऑक्सी वन
-
शौर्य वन
-
त्रिवेणी वन
-
गोपाल वन
इसके अलावा, सहजन भंडारा के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और जीरो पावर्टी कार्यक्रम के लाभार्थी दो-दो सहजन पौधे लगाएंगे।
नदियों और सड़कों के किनारे भी हरियाली
-
13 प्रमुख नदियों समेत सभी जलधाराओं के किनारे 21313.52 हेक्टेयर क्षेत्र में 3.56 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे
-
सड़कों के किनारे 1.14 करोड़ पौधे
-
एक्सप्रेसवे के किनारे 2.50 लाख पौधे रोपे जाएंगे
डिजिटल निगरानी और सहभागिता
लोग अपने द्वारा लगाए गए पौधों की फोटो https://upforest.gov.in और https://upfd.in/upfdmedia/secure/login/login.aspx पर जाकर अपलोड कर सकते हैं। इसके लिए QR कोड स्कैन करने की सुविधा भी दी गई है।