भारत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज मथुरा दौरे पर, कड़ी सुरक्षा के चलते 12वीं तक के सभी स्कूल बंद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मथुरा दौरे को देखते हुए सुरक्षा के चलते कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल आज बंद। वृंदावन में भी चप्पे-चप्पे पर पहरा।

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुरुवार को कृष्ण नगरी मथुरा और वृंदावन के दौरे पर रहेंगी। उनकी यात्रा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों को आज के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है। राष्ट्रपति की सुरक्षा के चलते यह फैसला लिया गया है।

मथुरा और वृंदावन में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर मथुरा जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। हर गली, चौराहे और मुख्य मार्गों पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। 4000 से अधिक राज्य पुलिसकर्मियों के साथ-साथ PAC की आठ कंपनियों (लगभग 1000 जवान) को भी तैनात किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी निगरानी में जुटे हैं।

also read: आयुष्मान भारत योजना के 7 साल पूरे, पीएम मोदी बोले-…

स्कूल बंद रखने का फैसला छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए

प्रशासन ने जानकारी दी है कि जनपद मथुरा और वृंदावन क्षेत्र के सभी स्कूल — प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक — एक दिवसीय अवकाश पर रहेंगे। यह कदम छात्रों की आवागमन में संभावित कठिनाइयों और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

रास्तों पर भी लगाई गई हैं कई पाबंदियां

सुरक्षा कारणों से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है, जिससे उन्हें कम से कम परेशानी हो।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। सभी विभागों को सतर्क कर दिया गया है।

राज्य सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री करेंगे अगवानी

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति की यह यात्रा एक निजी धार्मिक यात्रा है। इसीलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुपस्थिति में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण मथुरा में राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। वह सुबह वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों के साथ मौजूद रहेंगे।

For English News: http://newz24india.in

Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x

Related Articles

Back to top button