दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक साल में विकास, सुशासन और जनता के विश्वास का नया मॉडल पेश किया; जानें पूरा अपडेट।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को उत्तर-पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के खजूरी चौक स्थित नमो ग्राउंड पर सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने दिल्लीवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है और इसी विश्वास के साथ दिल्ली के सर्वांगीण विकास का संकल्प आगे बढ़ता रहेगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में बीते 365 दिनों को “जनता के विश्वास, सेवा के संकल्प और सुशासन के परिणाम” का वर्ष बताया। उन्होंने कहा, “पहला कदम बदलाव का, एक साल विकास का” केवल नारा नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
सीएम ने अपने भाषण में बताया कि पिछले एक वर्ष में सरकार ने पारदर्शी प्रशासन, भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था, तेज़ इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, डिजिटल गवर्नेंस और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दिल्ली को नई गति और दिशा दी है। उन्होंने विशेष रूप से गरीब, श्रमिक, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही।
also read:- सौरभ भारद्वाज का आरोप: चार इंजन की सरकार होने के बावजूद दिल्लीवासी बेहाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के आधार पर दिल्ली में सुशासन का नया मॉडल स्थापित किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाला समय विकास की इस रफ्तार को और तेज़ करेगा, दिल्ली को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बनाएगा और योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचेगा।
रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित जनता की ऊर्जा और उत्साह की भी सराहना की और कहा कि यह दर्शाता है कि दिल्ली की जनता सरकार के साथ विकास और सुशासन की यात्रा में मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं को जनता का सेवक मानते हुए भविष्य में भी दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी, सांसद योगेन्द्र चंदोलिया, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट और विधायक अजय महावर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



