पीएम मोदी: ‘युद्ध ने वैश्विक अर्थव्यवस्था को झटका दिया, पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव लंबे समय तक रहेंगे’
पीएम मोदी ने राज्यसभा में पश्चिम एशिया संकट पर जानकारी दी, कहा युद्ध से अर्थव्यवस्था प्रभावित, लेकिन भारत सतर्क और पूरी रणनीति के साथ तैयार है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज राज्यसभा में पश्चिम एशिया संकट को लेकर विस्तृत जानकारी दी। पीएम मोदी ने कहा कि इस युद्ध ने पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर गहरा असर डाला है, लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है और सरकार पूरी गंभीरता के साथ इस संकट से निपटने की रणनीति बना रही है।
पीएम मोदी ने बताया कि युद्ध के कारण भारत के व्यापार मार्ग प्रभावित हो रहे हैं और पेट्रोल, डीजल, गैस व उर्वरकों की आपूर्ति बाधित हो रही है। पश्चिम एशिया संकट के चलते खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता है। अब तक तीन लाख 75 हजार भारतीय सुरक्षित भारत लौट चुके हैं, जबकि ईरान से एक हजार से अधिक भारतीय लौटे हैं।
ALSO READ:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत से सतर्क रहने और…
प्रधानमंत्री ने होर्मुज स्ट्रेट में बाधाओं को अस्वीकार्य बताया और कहा कि भारत ने सभी संबंधित देशों के साथ संवाद और कूटनीति के माध्यम से सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से व्यापारिक जहाजों पर हमले और बंदिश अस्वीकार्य हैं। सरकार लगातार पश्चिम एशिया संकट के प्रभावों को कम करने और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने पिछले 11 वर्षों में अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत किया है। अब भारत 41 देशों से तेल और गैस का आयात करता है, जबकि पहले यह संख्या केवल 27 थी। कच्चे तेल और गैस के भंडारण को प्राथमिकता दी गई है और देश की रिफाइनरी क्षमता भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार मेड इन इंडिया जहाज निर्माण के लिए 70 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान कर रही है, ताकि विदेशी निर्भरता कम हो और संकट के समय भारत आत्मनिर्भर बना रहे।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव से किसानों पर कोई बोझ नहीं पड़ेगा। खाद और बीज की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, और राज्य सरकारों को प्रवासी श्रमिकों और गरीबों तक राहत पहुंचाने पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि संकट के दौरान कालाबाजारी और जमाखोरी जैसी गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
पीएम मोदी ने राज्यसभा में स्पष्ट किया कि पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव लंबे समय तक रह सकते हैं, लेकिन भारत पूरी सतर्कता और रणनीति के साथ स्थिति का सामना कर रहा है। उन्होंने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर उनकी सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और हितों को सर्वोपरि रख रही है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



