यूपी में मिलावटी दूध पर बड़ा एक्शन: बुलंदशहर और सहारनपुर की 6 इकाइयों के लाइसेंस निलंबित, अधिकारी भी नपे
बुलंदशहर और सहारनपुर में मिलावटी दूध पर बड़ा एक्शन! 6 डेयरी इकाइयों के लाइसेंस निलंबित, ₹6.69 करोड़ का माल जब्त और लापरवाह अधिकारी सस्पेंड। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।
उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ योगी सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश के बुलंदशहर और सहारनपुर जिलों में संचालित दुग्ध उत्पादन इकाइयों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस विशेष अभियान के तहत कुल छह दुग्ध इकाइयों के लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर सहारनपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर 49 टीमों ने की छापेमारी
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब को बुलंदशहर और सहारनपुर से मिलावट और गंदगी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को 49 विशेष प्रवर्तन टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने दोनों जनपदों के प्रमुख दुग्ध केंद्रों और चिलिंग सेंटरों पर अचानक छापेमारी की।
जांच के दौरान बुलंदशहर और सहारनपुर की इकाइयों में साफ-सफाई की कमी, अभिलेखों का अभाव और सबसे चौंकाने वाला मामला ‘पुराने उत्पादों की नई पैकिंग’ का सामने आया। कई इकाइयां एक्सपायर हो चुके दूध उत्पादों को करंट डेट की पैकिंग में बाजार में उतारने की तैयारी कर रही थीं।
also read:- यूपी विधानमंडल विशेष सत्र: सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष…
करोड़ों का माल जब्त, 6 इकाइयों पर गिरा गाज
इस विशेष जांच अभियान के दौरान बुलंदशहर और सहारनपुर में भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई:
बुलंदशहर: 35 इकाइयों से 112 नमूने लिए गए और लगभग 5.75 करोड़ रुपये की कीमत का 503.5 मीट्रिक टन दुग्ध उत्पाद जब्त किया गया।
सहारनपुर: 12 इकाइयों से 21 नमूने लिए गए और करीब 94 लाख रुपये मूल्य का स्किम्ड मिल्क पाउडर सीज किया गया।
गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 6 राज्य स्तरीय इकाइयों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा, तीन केंद्रीय इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) नई दिल्ली को पत्र भेजा गया है।
अधिकारियों पर भी गिरी गाज: निलंबन और तबादले
बुलंदशहर और सहारनपुर में हुई इस कार्रवाई का असर विभाग के भीतर भी देखने को मिला है। भ्रष्टाचार और कदाचार की शिकायतों के मद्देनजर सहारनपुर की खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमनपाल को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, सहायक आयुक्त (खाद्य) मनोज कुमार वर्मा और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला को उनके पदों से हटाकर लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध (Attach) कर दिया गया है।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



