सीएम भजनलाल शर्मा ने काफिले की गाड़ियों की संख्या घटाकर 5 की, पीएम मोदी की ईंधन बचत अपील के बाद लिया गया बड़ा फैसला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और सरकारी संसाधनों के मितव्ययता से उपयोग की अपील का असर अब राज्यों में भी दिखने लगा है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने काफिले में शामिल वाहनों की संख्या को कम कर दिया है।
मुख्यमंत्री आज दिल्ली दौरे पर रवाना हुए, जहां जयपुर स्थित आवास से एयरपोर्ट तक उनकी यात्रा के दौरान काफिले में केवल पांच वाहन ही देखे गए। यह कदम सरकारी खर्चों में कटौती और ईंधन बचत को बढ़ावा देने की नीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पहले 13 वाहनों का होता था काफिला
आमतौर पर मुख्यमंत्री के काफिले में सुरक्षा और प्रोटोकॉल के तहत 8 से 13 वाहन शामिल रहते हैं। इनमें पायलट वाहन, सुरक्षा एस्कॉर्ट, बुलेटप्रूफ कार, जैमर वाहन, एंबुलेंस और अन्य बैकअप गाड़ियां शामिल होती हैं। लेकिन अब सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अनावश्यक वाहनों को काफिले से हटाया जाए और केवल आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था ही रखी जाए।
also read:- NEET विवाद के बीच CM भजनलाल का बड़ा दावा: ‘हमारी सरकार के…
मुख्य सचिव और अधिकारियों को निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्य सचिव सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सरकारी संसाधनों का उपयोग केवल जरूरत के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर अतिरिक्त वाहनों के इस्तेमाल से बचने और प्रशासनिक स्तर पर मितव्ययता अपनाने पर जोर दिया है।
सादगी और जनता की सुविधा पर फोकस
सीएम ने यह भी कहा कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से काफिले के आकार को सीमित करने और ट्रैफिक व्यवस्था को सरल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इस तरह के कदमों से न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि सरकारी खर्चों में भी कमी आएगी, जिससे संसाधनों का बेहतर और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



