गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब के 13 हजार गांवों में डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। सरकार सालभर कई कार्यक्रम आयोजित करेगी।
पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्यव्यापी कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है। इसके तहत पंजाब के 13,000 से अधिक गांवों में मोबाइल LED वैन के माध्यम से गुरु रविदास जी के जीवन, विचारों और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी।
पंजाब के पर्यटन एवं संस्कृति मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने बताया कि यह अभियान पूरे वर्ष चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी के समानता, भक्ति और सामाजिक सद्भाव के संदेश को प्रदेश के हर कोने तक पहुंचाना है।
30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री से नई पीढ़ी को मिलेगा संदेश
मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने कहा कि मोबाइल LED वैन के जरिए दिखाई जाने वाली करीब 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री लोगों को गुरु रविदास जी के जीवन और उनके महान विचारों से परिचित कराएगी।
उन्होंने कहा कि खास तौर पर युवा पीढ़ी को गुरु जी की शिक्षाओं से जोड़ना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है, ताकि समाज में समानता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा दिया जा सके।
चार प्रमुख स्थानों से निकलेंगी शोभा यात्राएं
650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत वाराणसी, फरीदकोट, जम्मू और बठिंडा से चार विशेष शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए तीर्थ यात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि पंजाब के लोग वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी के जन्म स्थान के दर्शन कर सकें।
स्कूल-कॉलेजों में होंगे विचार गोष्ठी और सेमिनार
सरकार की ओर से छात्रों को गुरु रविदास जी की विचारधारा से जोड़ने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों में गुरु जी के सामाजिक सुधारों, मानव समानता और आध्यात्मिक संदेशों पर चर्चा की जाएगी।
ALSO READ:- श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर पंजाब सरकार की…
हर जिले में लगाए जाएंगे 6.5 लाख पौधे
प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए भी बड़ा अभियान चलाएगी। इसके तहत राज्य के प्रत्येक जिले में 6.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके साथ ही पूरे वर्ष रक्तदान शिविर, मैराथन, साइकिल रैलियां और कीर्तन समागम जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
गुरु रविदास जी की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
तरुणप्रीत सिंह सोंड ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी का जीवन समाज में समानता, प्रेम और सद्भावना का प्रतीक है। पंजाब सरकार का उद्देश्य 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाकर गुरु जी की शिक्षाओं और सामाजिक योगदान को लोगों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेंगे, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और एकता का संदेश भी देंगे।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



