भारत

जंतर-मंतर पर हंगामा: सोनम वांगचुक को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, समर्थकों ने किया विरोध प्रदर्शन

सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल ले जाने पर हंगामा, समर्थकों ने किया विरोध। परीक्षा सुधार और पेपर लीक मामले पर आंदोलन जारी।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार सुबह उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पुलिस ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाया। वांगचुक अपनी मांगों को लेकर पिछले 21 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों ने विरोध जताया और उन्हें रोकने की कोशिश की।

सोनम वांगचुक छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल कर रहे थे। प्रदर्शनकारी हाल में सामने आए कथित परीक्षा पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

पुलिस कार्रवाई के बाद बढ़ा तनाव

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिसकर्मी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और वांगचुक को अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद कई प्रदर्शनकारी मंच की ओर दौड़ पड़े और उन्हें रोकने के लिए मानव श्रृंखला बनाने की कोशिश की।

पुलिस ने मंच के चारों ओर सफेद पर्दा लगाया और इसके बाद सोनम वांगचुक को वहां से बाहर ले जाया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

कुछ प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने अचानक कार्रवाई की और उन्हें पहले से इसकी जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि वे चाहते थे कि वांगचुक की मेडिकल टीम पहले उनकी जांच करे, लेकिन पुलिस उन्हें जल्दबाजी में अस्पताल ले गई।

also read:- PM Modi Haryana Visit: प्रधानमंत्री मोदी आज जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, ‘विकसित हरियाणा-विकसित भारत’ रैली को करेंगे संबोधित

प्रदर्शनकारियों ने लगाए आरोप

प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने दावा किया कि पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में कई लोगों को चोटें आईं। एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वांगचुक को हटाने के दौरान काफी धक्का-मुक्की हुई और कई समर्थकों को मामूली चोटें लगीं।

वहीं, अन्य प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने से उनका आंदोलन कमजोर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा सुधार और पेपर लीक के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा।

जंतर-मंतर पर जारी रहा आंदोलन

सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए, विरोध गीत गाए और आंदोलन के समर्थन में कार्यक्रम किए।

इस बीच कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी मौके पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक मामलों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

सोनम वांगचुक के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और परीक्षा सुधार से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय चर्चा में ला दिया है।

For English Newshttp://newz24india.in

Related Articles

Back to top button