पीआरडी जवानों को CM योगी की बड़ी सौगात, अब मिलेगा 600 रुपये दैनिक ड्यूटी भत्ता और परिवार को मुफ्त इलाज
CM योगी ने पीआरडी जवानों का ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये किया। जवानों और परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज मिलेगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों के लिए बड़ी घोषणाएं की हैं। पीआरडी जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता अब 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जाएगा। इसके साथ ही जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी मिलेगी।
गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने 10 स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड भी वितरित किए।
600 रुपये हुआ दैनिक ड्यूटी भत्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वर्ष 1948 में गठित पीआरडी के स्वयंसेवकों को लंबे समय तक केवल 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है।
इस फैसले के बाद पीआरडी जवानों को पहले की तुलना में हर ड्यूटी दिवस पर 100 रुपये अधिक मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पीआरडी स्वयंसेवकों के ड्यूटी भत्ते में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
परिवार समेत 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज
सरकार ने पीआरडी जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू की है। इसके तहत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
यह इलाज सरकारी और सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में कराया जा सकेगा। अनुमान के मुताबिक, योजना से पीआरडी स्वयंसेवकों के परिवारों को मिलाकर 1.55 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।
आपदा से लेकर चुनाव ड्यूटी तक निभाते हैं जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में पीआरडी स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी सहित विभिन्न जिम्मेदारियों में पीआरडी जवानों की सेवाएं ली जाती हैं।
उन्होंने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों ने अनुशासन और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। सरकार उनके योगदान को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
also read:- अयोध्या स्कूलों में यूट्यूबर्स की एंट्री पर रोक, बिना…
लखनऊ में बनेगा बहुमंजिला पीआरडी बैरक
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया। इससे विभाग के स्वयंसेवकों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलेगी।
पीआरडी का बजट 543 करोड़ रुपये पहुंचा
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि पीआरडी के बजट में भी बड़ा इजाफा हुआ है। उनके अनुसार, वर्ष 2017 से पहले विभाग का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों की सेवाएं प्रदेश में शांति, सुरक्षा और जनसेवा के लिए महत्वपूर्ण हैं।
इन स्वयंसेवकों को मिला कैशलेस कार्ड
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों 10 पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड दिए गए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मो. शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।
सरकार की इन घोषणाओं से पीआरडी जवानों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का भी लाभ मिलेगा।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



