
पंजाब डिजिटल जनगणना 2026: पंजाब में 2026 से शुरू होने वाली डिजिटल जनगणना के लिए नगरपालिका और वार्ड सीमाओं का सर्वे तेज़ी से चल रहा है। मकानों की गिनती 1 अप्रैल 2026 से होगी, डिजिटल रिकॉर्ड जियोरेफरेंसिंग तकनीक से तैयार।
पंजाब डिजिटल जनगणना 2026: भारत में पहली बार डिजिटल जनगणना 2026 से शुरू होने जा रही है और इसके लिए पंजाब सरकार ने तैयारियाँ तेज़ कर दी हैं। स्थानीय निकाय विभाग ने राज्य के सभी नगरपालिकाओं और वार्ड सीमाओं का डिजिटल सर्वे शुरू कर दिया है, जो जनगणना की नींव मानी जा रही है। मकानों की गिनती एक अप्रैल 2026 से की जाएगी, और इसके लिए डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
113 निकायों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार, 55 पर काम जारी
पंजाब के 166 नगर निकायों में से 113 का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर लिया गया है, जबकि शेष 55 नगर निकायों का कार्य भी जल्द ही पूरा होने की संभावना है। सर्वे के लिए राज्य भर में टीमें गठित की गई हैं, जो नगरपालिका और वार्ड की सीमाओं की सत्यापन और मैपिंग कर रही हैं।
जियोरेफरेंसिंग तकनीक से रिकॉर्ड हो रहा डिजिटल डाटा
सभी निकायों द्वारा जुटाए गए डाटा को जियोरेफरेंसिंग तकनीक से डिजिटल रूप में बदला जा रहा है। यह डाटा ना केवल जनगणना 2026 के लिए केंद्र सरकार को दिया जाएगा, बल्कि इससे राज्य सरकार को भी नगरीय योजना और विकास में मदद मिलेगी।
मकानों की गिनती 1 अप्रैल 2026 से, जनगणना 1 फरवरी 2027 से
सरकार के निर्देशानुसार, 1 अप्रैल 2026 से मकानों की गिनती शुरू होगी, और 1 फरवरी 2027 से जनगणना का दूसरा चरण आरंभ होगा। इसके लिए देशभर में 34 लाख कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
पहली बार वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप से होगी जनगणना
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी, जिसके लिए सरकार विशेष वेब पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च करेगी। सभी डाटा को डिजिटल तरीके से इकट्ठा कर रियल-टाइम निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
चुनावी शहरों में दोबारा सर्वे
पांच नगर निगमों और 44 नगर परिषदों में 21 दिसंबर 2024 को चुनाव हुए थे। चुनाव से पहले नगरपालिका सीमाओं में परिवर्तन होने के कारण इन क्षेत्रों में दोबारा सर्वे किया जा रहा है ताकि सटीक जनगणना सुनिश्चित हो सके।
पंजाब की जनसंख्या और रैंकिंग
2011 की जनगणना के अनुसार, पंजाब की कुल जनसंख्या 2.77 करोड़ थी, जिसमें 1.46 करोड़ पुरुष और 1.31 करोड़ महिलाएं थीं। जनसंख्या के हिसाब से पंजाब 15वें स्थान पर था।
For More English News: http://newz24india.in