राजस्थान में ड्रग माफिया और अवैध वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, सीएम भजनलाल शर्मा ने नशे के नेटवर्क और काली फिल्म वाहनों पर रोक लगाने को कहा।
राजस्थान सरकार ने राज्य में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गृह विभाग की उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को मादक पदार्थों के नेटवर्क और उनसे जुड़े गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
ड्रग माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य में सक्रिय ड्रग तस्करों और संगठित गिरोहों के छोटे-बड़े नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि माफियाओं की अवैध संपत्तियों की जब्ती, कुर्की और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तेजी से की जाए।
इसके साथ ही पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत भी संदिग्ध अपराधियों पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्थान सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाने को कहा है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
also read:- राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 बनी सुशासन और जनसेवा का…
नशे के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान
राजस्थान मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा समाज और परिवारों के लिए गंभीर खतरा है। इसलिए इसके खिलाफ राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में सामाजिक संगठनों और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
वाहनों के अवैध मॉडिफिकेशन पर भी सख्ती
बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध वाहन मॉडिफिकेशन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों के शीशों पर निर्धारित मानकों से अधिक काली फिल्म और अन्य अपारदर्शी सामग्री लगाना कानून का उल्लंघन है और इससे सड़क सुरक्षा को भी खतरा होता है।
ऐसे वाहनों के खिलाफ राज्यभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं।
For English News: http://newz24india.in
Visit WhatsApp Channel: https://whatsapp.com/channel/0029Vb4ZuKSLSmbVWNb1sx1x



